कोतवाली थाना परिसर में जमकर मारपीट, लात-घूंसे और गाली-गलौज से मचा हड़कंप
कोरबा: कोतवाली थाना अंतर्गत बस स्टैंड में दो व्यापारियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया। लेकिन शिकायत दर्ज कराने आए अशरफ मेमन और गुलाम शेखानी के बीच थाना परिसर में ही दोबारा जमकर मारपीट हो गई।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही दोनों एक-दूसरे पर लात-घूंसे और मुक्के बरसाने लगे। देखते ही देखते दोनों खून से लथपथ हो गए। मामला बढ़ता देख थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर भीड़ को वहां से हटाया।
दोनों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया और उनके खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई।
सीएसपी भूषण एक्क ने बताया कि दोनों पक्षों की पुरानी रंजिश थी और इससे पहले भी उनके बीच विवाद हो चुका है। मामला व्यवसाय से जुड़ी किसी बात को लेकर तूल पकड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।


