जांजगीर-चाम्पा पुलिस को बड़ी सफलता, मौली दाई मंदिर में चोरी करने वाला आरोपी 3 घंटे में गिरफ्तार
जांजगीर-चाम्पा जिले में मौली दाई मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 3 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 1.91 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
घटना 7 मार्च की रात की है, जब नवापारा (सुकली) स्थित मौली दाई मंदिर में अज्ञात चोर ने सेंध लगाई। सुबह जब पुजारी पूजा करने पहुंचे तो मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया और देवी-देवताओं के आभूषण, मुकुट, चक्र, टीवी और अन्य सामान गायब मिले। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंदिर चोरी जैसी घटनाओं को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है। हमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों में आरोपी को पकड़ लिया और चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 10 पचेड़ा निवासी गौरीशंकर कश्यप इस चोरी में शामिल है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने मंदिर से चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी के घर से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, टीवी, डीवीआर और अन्य सामान बरामद किया गया।
थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि आरोपी ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की थी। हमने पूरी टीम के साथ तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और चोरी का पूरा सामान भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी गौरीशंकर कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना एएसआई राम प्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक वीरेंद्र भैना, आशुतोष कर्ष और नीतीश कुमार की विशेष भूमिका रही।


