नवागढ़ में अवैध क्लिनिक पर छापा, स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग ने मिलकर किया सील
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड मुख्यालय में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने एक अवैध क्लिनिक पर बड़ी कार्रवाई की है। नवागढ़ बस स्टैंड के पास लंबे समय से बिना अनुमति के संचालित हो रहे “आदिले क्लिनिक” को छापेमारी के बाद सील कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को इस क्लिनिक के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नवागढ़ बीएमओ डॉ. नरेश साहू के नेतृत्व में आज स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान क्लिनिक संचालक मनोहर आदिले से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद नर्सिंग होम एक्ट के तहत टीम ने क्लिनिक से कुछ दवाइयाँ, बीपी मशीन, खाली ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य चिकित्सकीय सामग्री जब्त की और क्लिनिक को मौके पर ही सील कर दिया।
डॉ. नरेश साहू, बीएमओ नवागढ़:-
“काफी समय से इस क्लिनिक को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। आज हमारी टीम ने जब छापा मारा तो संचालक के पास कोई रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस नहीं मिला। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए क्लिनिक को सील कर दिया गया है।”



