सक्ती में दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या | घर के बाहर 3 राउंड फायर, CCTV में कैद हुए आरोपी?
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में 25 वर्षीय युवती पूर्णिमा चौहान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा चौहान एक निजी कंपनी में सेल्स का कार्य करती थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बाइक पर सवार दो युवक उसके घर पहुंचे। दोनों ने सफेद गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। एक युवक घर के अंदर जाकर पूर्णिमा के बारे में पूछताछ करने लगा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। जैसे ही पूर्णिमा घर से बाहर निकली, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी।
गोली पूर्णिमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल डायल-112 की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि पूर्णिमा की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। हत्या के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी संभावित एंगल—पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य कारणों—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।



