फेंसिंग तार चोरी का खुलासा:- तीन आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी व लोहे के प्लास जब्त…
रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत इंदिराविहार में वन विभाग द्वारा संरक्षित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए लगाए गए फेंसिंग तार की चोरी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी, लगभग 25 मीटर फेंसिंग तार और तार काटने में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के प्लास जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 19 जनवरी को स्वर्णलता लकड़ा, उप वनक्षेत्रपाल, इंदिराविहार (वन मंडल रायगढ़) ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वे डिप्टी रेंजर एवं वनरक्षक के साथ इंदिराविहार क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थीं। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने तीन व्यक्तियों को वन विभाग द्वारा लगाए गए फेंसिंग तार को निकालते हुए देखा, जिनमें से कुछ तार स्कूटी में रखे जा रहे थे।
वन अमले द्वारा पीछा करने पर दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। मौके पर खड़ी स्कूटी क्रमांक CG 13 BE 5109 की डिक्की और आसपास करीब 25 मीटर फेंसिंग तार बरामद हुआ। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम शत्रुघन बरेठ बताया और अपने साथियों दिनबंधु बैरागी एवं संतराम बैरागी के नाम उजागर किए।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दोनों आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया। तीनों आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी, फेंसिंग तार और दो लोहे के प्लास विधिवत जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में शत्रुघन बरेठ (60 वर्ष),संतराम बैरागी (33 वर्ष),दिनबंधु बैरागी (35 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।



