पान दुकान चोरी का खुलासा: कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, चोरी का पान-मसाला और स्कूटी जब्त
रायगढ़। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर स्थित सलमान पान पैलेस में हुई चोरी की वारदात का रायगढ़ पुलिस ने सफल खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया पान-मसाला, नकदी के अंश तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी वाहन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की शुरुआत 9 जनवरी को हुई, जब इंदिरा नगर निवासी अली रजा (27 वर्ष) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता जाकीर अली द्वारा संचालित सलमान पान पैलेस को 8 जनवरी की रात करीब 11:20 बजे बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर ताला टूटा मिला, सामान बिखरा हुआ था और गल्ला भी क्षतिग्रस्त था। दुकान से राजश्री गुटखा, सिगरेट, रजनीगंधा सहित अन्य पान-मसाला सामग्री और लगभग 10 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। इस पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि रामभांठा जयस्तंभ चौक के पास दो युवक थोक में राजश्री गुटखा और सिगरेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम प्रेम टण्डन (18 वर्ष) और मनीष जाटवर उर्फ विक्की (22 वर्ष), दोनों निवासी जयस्तंभ चौक रामभांठा, बताये। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 8 जनवरी की रात इंदिरा नगर हनुमान मंदिर के सामने स्थित पान दुकान का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी के बाद वे टूटे ताले और लोहे का रॉड राजश्री की बोरी में भरकर स्कूटी से अपने घर ले गए थे। कुछ सामान उन्होंने ट्रेन में बेच दिया, जबकि चोरी की नकदी और बिक्री से मिली रकम ओडिशा के पुरी में घूमने-फिरने में खर्च कर दी।
पुलिस ने प्रेम टण्डन के कब्जे से 53 पैकेट राजश्री गुटखा (कीमत करीब 13 हजार रुपये), एक मुड़ा हुआ लोहे का रॉड, दो टूटे ताले और नीली स्कूटी क्रमांक CG 13 BG 0582 जब्त की है। वहीं मनीष जाटवर उर्फ विक्की से करीब 6 हजार रुपये की गुटखा सामग्री बरामद की गई है।



