छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी: पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार, ₹2 हजार बरामद
बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रार्थी अनिल कुमार तिवारी (56 वर्ष), निवासी जूनी लाइन, ने 18 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में काम करने वाली महिला ने फोन कर बताया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके घर की छत के रास्ते अंदर घुसा है। मौके पर पहुंचने पर छत पर कोई नहीं मिला, लेकिन पड़ोसी ने सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपी की पहचान शिवा यादव के रूप में की, जो पहले प्रार्थी के घर में काम कर चुका था।
घर के अंदर जांच करने पर आलमारी खुली मिली और उसमें रखे ₹10,000 नगद गायब पाए गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 258/2026 धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर गोंडपारा स्थित साईं मंदिर के पास घेराबंदी कर शिवा यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार की और बताया कि ₹8,000 खर्च कर चुका है, जबकि ₹2,000 उसके पास से बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



