नारियल खरीदने के विवाद ने लिया खूनी रूप, धारदार कैंची से पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, दोनों की हालत गंभीर, सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, पुलिस मामले की कर रही जांच
बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र में नारियल खरीदने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी हमले में तब्दील हो गया, जिसमें आरोपी ने पिता-पुत्र पर धारदार कैंची से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना में घायल पिता- पुत्र का सामुदायिक अस्पताल में इलाज किया गया, लेकिन हालत चिंताजनक होने पर दोनों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
रात को हुई वारदात
वारदात के बारे में रूपचंद केवट, निवासी मेला चौक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। 4 मई की रात करीब 8 बजे वह काम से घर लौट रहा था, तभी मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि उसके भाई रूपेश केंवट और पिता मनहरण केंवट पर मोहल्ले के ही ज्ञान उर्फ लक्की श्रीवास ने हमला कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां रूपेश मेडिकल स्टोर के सामने दोनों बेहोश हालत में पड़े थे, जबकि पिता मनहरण के पीठ से लगातार खून बह रहा था।
स्थिति गंभीर होने पर सिम्स रेफर किया गया
पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल सिम्स, बिलासपुर रेफर कर दिया गया। दोनों की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।
पहले महिला से हुआ मामूली विवाद
बताया जा रहा है कि नारियल खरीदने की बात को लेकर पहले गांपा बाई श्रीवास से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसका बेटा ज्ञान उर्फ लक्की मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने चाकू नुमा कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे रूपेश के होंठ, भुजा, सीने व पेट तथा मनहरण के पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने जुर्म दर्ज किया
घटना को लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3), 118(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्रारंभिक एफआईआर दर्ज की गई है, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। मामले की जांच जारी है।



