होली विवाद में युवक पर ईंट से जानलेवा हमला, 2 महीने से फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में होली के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनोहर टंडन को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में युवक पर ईंट से हमला करने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को नंदन कुमार साव अपने दोस्तों के साथ राजीव नगर जैतखाम के पास होली खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले अमन मारकण्डेय और मनोहर टंडन वहां पहुंचे। खड़े होने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए नंदन के सिर पर ईंट से हमला कर दिया।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में आरोपी अमन मारकण्डेय और कली उर्फ कली बाई को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी मनोहर टंडन फरार चल रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने ठिकाने पर पहुंचा है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मामूली कहासुनी के चलते शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा और मामला हत्या के प्रयास तक पहुंच गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



