अघोषित बिजली कटौती से भड़के पार्षद, विद्युत विभाग को आंदोलन की चेतावनी हर 5-10 मिनट में गुल हो रही बिजली, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा
बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद एवं पूर्व प्रभारी राजस्व विभाग नगर निगम पुष्पेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के सहायक यंत्री को चेतावनी पत्र सौंपकर जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
पार्षद ने कहा कि क्षेत्रवासी पिछले कई दिनों से लगातार बिजली कटौती की समस्या से परेशान हैं। दिन और रात बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बीती रात स्थिति और खराब हो गई, जब हर 5 से 10 मिनट में बिजली बंद और चालू होती रही।

पुष्पेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण लोगों के घरों में लगे टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। लगातार ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा करते हैं तो विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में क्यों असफल हो रहा है।
पत्र के माध्यम से विद्युत विभाग को चेतावनी दी गई है कि जल्द अघोषित बिजली कटौती बंद कर स्थायी समाधान किया जाए, अन्यथा क्षेत्रवासी विद्युत कार्यालय का घेराव और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी।



