CgNews बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत: “समाधान योजना 2026” लागू, बकाया बिलों पर मिलेगी भारी छूट
CgNews जांजगीर-चांपा जिले सहित पूरे प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा “समाधान योजना 2026” लागू की गई है। इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पुराने बकाया बिजली बिलों से राहत देना और उन्हें छूट के साथ बिल जमा करने का अवसर प्रदान करना है।विद्युत विभाग के अनुसार इस योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को बकाया मूल राशि और अधिभार (सरचार्ज) में विशेष छूट दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकें।
CgNews निष्क्रिय उपभोक्ताओं को विशेष राहत-योजना के तहत 31 मार्च 2023 से पहले जिन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं, उन्हें भी विशेष राहत दी जा रही है।बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।घरेलू और कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं को मूल राशि में 50 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी।इस व्यवस्था से ऐसे उपभोक्ता भी अपने पुराने बकाया बिलों से राहत पा सकेंगे जिनके कनेक्शन लंबे समय से बंद हैं।
CgNews सक्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को भी मिलेगा लाभ-सक्रिय बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए भी इस योजना में विशेष प्रावधान किया गया है।यदि बकाया राशि 5 वर्ष से अधिक पुरानी है तो मूल राशि में 75 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।1 से 5 वर्ष पुराने बकाया पर मूल राशि में 50 प्रतिशत तथा अधिभार में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
CgNews घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं के लिए विकल्प-सक्रिय घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए कई विकल्प दिए गए हैं।एकमुश्त भुगतान करने पर मूल राशि में 10 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।तीन किश्तों में भुगतान करने पर मूल राशि में 5 प्रतिशत और अधिभार में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी। छह किश्तों में भुगतान करने पर अधिभार में 100 प्रतिशत की पूरी छूट प्रदान की जाएगी।
CgNews योजना की अंतिम तिथि और पंजीकरण प्रक्रिया-यह लाभकारी योजना केवल 30 जून 2026 तक प्रभावशील रहेगी। योजना का लाभ लेने के लिए सक्रिय घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के समय कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत भुगतान करना होगा।इसके अलावा यदि उपभोक्ता किश्तों में भुगतान करते हैं तो आगामी महीनों में किसी प्रकार का अतिरिक्त अधिभार नहीं लगाया जाएगा।
CgNews उपभोक्ताओं से योजना का लाभ लेने की अपील-विद्युत विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने पुराने बिजली बिलों का भुगतान करें और बकाया राशि के बोझ से राहत प्राप्त करें।योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और पंजीकरण के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय या क्षेत्र के मीटर वाचक से संपर्क कर सकते हैं।




