CG News:-शराब दुकान के अंदर बंद कर युवक से जानलेवा मारपीट… शराब भट्टी के 3 कर्मचारी गिरफ्तार, लाठी-डंडा व रॉड से किया था हमला…
बलौदा बाजार/ सुहेला थाना क्षेत्र के ग्राम हिरमी में शराब दुकान के भीतर युवक से गंभीर मारपीट के मामले में पुलिस ने शराब दुकान के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पूछताछ करने गया था पीड़ित, दुकान में बंद कर किया हमला…
मिली जानकारी के अनुसार, विवेकानंद वर्मा, निवासी ग्राम तुलसी मानपुर, जिला रायपुर, ने थाना सुहेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 दिसंबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे हिरमी शराब भट्टी के कर्मचारियों ने उसके एक रिश्तेदार के साथ मारपीट की थी। इसी मामले में पूछताछ करने वह शराब दुकान पहुंचा था।
आरोप है कि शराब दुकान के कर्मचारियों ने एक राय होकर पीड़ित के साथ अश्लील गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी दी और उसे दुकान के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद हाथ-मुक्के, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर उसे प्राणघातक चोटें पहुंचाईं।
अस्पताल में कराया गया भर्ती, वाहन में भी तोड़फोड़….
मारपीट में गंभीर रूप से घायल विवेकानंद वर्मा को इलाज के लिए रामकृष्ण हॉस्पिटल, रायपुर में भर्ती कराया गया था। आरोपियों ने पीड़ित के साथ आए एक अन्य व्यक्ति के साथ भी मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ की।
CCTV फुटेज से हुई पहचान….
मामले में थाना सुहेला में अपराध क्रमांक 404/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के गवाहों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी….
कवि कुमार मनहरे (25) – निवासी सोनबरसा, थाना भाटापारा ग्रामीण
राजेंद्र कुमार कुर्रे उर्फ सोनू (31) – निवासी सोनबरसा, थाना भाटापारा ग्रामीण
बद्री प्रसाद चेलक (40) – निवासी मजगांव, थाना हथबंद
तीनों आरोपियों को 27 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।



