Cg News न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मिली धमकी,न्यायालय खाली कराया गया; बस्तर एसपी ने संभाली कमान…
जगदलपुर। राजनांदगांव के बाद अब बस्तर जिले के न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह जिला न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तत्काल खाली कराया गया न्यायालय परिसर….
धमकी की जानकारी मिलते ही बस्तर पुलिस को सूचना दी गई। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए न्यायालय परिसर को पूरी तरह खाली कराया। सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एसपी खुद मौके पर, डॉग स्क्वायड तैनात…
मामले की गंभीरता को देखते हुए बस्तर पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली। उनके साथ विशेष पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता भी तैनात किया गया। कोर्ट परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है।
ईमेल के स्रोत की तकनीकी जांच….
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ईमेल किसने और कहां से भेजा—इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर टीम ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सुरागों को खंगाल रही है।
राजनांदगांव में भी आ चुकी है ऐसी धमकी…
उल्लेखनीय है कि इससे पहले राजनांदगांव जिला न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद वहां कई घंटों तक न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप रहा था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
अधिवक्ताओं ने जताई चिंता…
जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं ने बताया कि ईमेल के जरिए दी गई धमकी से सभी लोग सकते में हैं। अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की है।



