Big news janjgir champa:- शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम आरोपियों की गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग, मौके पर पहुंचे अधिकारी….
जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के रछा चौक पर मंगलवार को उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए, जब ग्रामीणों ने एक युवती के शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मामले में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है। बीते तीन घंटों से जांजगीर–शिवरीनारायण मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खेत में मिली थी युवती की लाश…
दरअसल, ग्राम पीपरा निवासी पूजा महंत (21 वर्ष) का शव मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे एक खेत में कीचड़ से सनी अर्धनग्न अवस्था में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं FSL टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए साक्ष्य एकत्र किए हैं।
फिलहाल मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
CCTV फुटेज में आखिरी बार दिखी थी युवती…
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूजा महंत सोमवार रात करीब 8 बजे पास के किरीत गांव में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने गई थी। वह रात लगभग 12 बजे घर लौटी थी, लेकिन उसके बाद अचानक गायब हो गई। आसपास लगे CCTV कैमरों युवती को मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे फोन पर किसी से बात करते हुए घर से बाहर निकलते हुए देखा गया है। इसके बाद कुछ ही घंटों में उसका शव खेत में बरामद हुआ।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा….
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और सख्त कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक चक्का जाम समाप्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार लोगों को शांत करने और मार्ग खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।



