CG NEWS सर्पदंश मुआवजा फर्जीवाड़े में दर्ज हुई थी एफआईआर; है आपदा राहत राशि घोटाले की जांच तेज…..
Bilaspur news:– जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। फर्जीवाड़े के मामले में मां की गिरफ्तारी से आहत एक युवक ने घर जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चना डोंगरी निवासी 20 वर्षीय कमलेश श्रीवास शुक्रवार को अपनी मां उर्वशी श्रीवास के साथ थाने पहुंचा था। आपदा राहत योजना के तहत मिली राशि में कथित फर्जीवाड़े के मामले में बयान दर्ज करने के लिए पुलिस ने उन्हें बुलाया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने उर्वशी श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया, जिससे युवक गहरे सदमे में आ गया।
बताया जाता है कि कमलेश “अभी वापस आता हूं” कहकर घर लौटा और छज्जे में लगे पाइप से गमछे के सहारे फांसी लगा ली। पड़ोसियों को आशंका होने पर डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Bilaspur news क्या है पूरा मामला :- पुलिस के अनुसार मामला आपदा राहत योजना के तहत सर्पदंश से मृत्यु दर्शाकर चार लाख रुपये की सहायता राशि निकालने से जुड़ा है। कमलेश के पिता की मौत लकवे से हुई थी, लेकिन कथित तौर पर गिरोह ने सर्पदंश से मृत्यु दिखाकर मुआवजा दिलाने का झांसा दिया।

जांच में मर्ग इंटीमेशन, तहसीलदार के हस्ताक्षर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट फर्जी पाए गए। कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार ने थाने में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद उर्वशी श्रीवास की गिरफ्तारी हुई।पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या की जांच शुरू कर दी है और पूरे फर्जीवाड़ा गिरोह की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।



