नेशनल हेराल्ड घोटाले पर गरमाई सियासत: जांजगीर-चांपा में BJYM का प्रदर्शन, गांधी परिवार के खिलाफ विरोध
जांजगीर-चांपा।नेशनल हेराल्ड घोटाले को लेकर राजनीति गर्मा गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल चार्जशीट के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) ने गांधी परिवार पर जमकर निशाना साधा है।
छत्तीसगढ़ BJYM के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र देवांगन ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर देश की संपत्ति लूटने और जनता के विश्वास के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे को चार्जशीट में मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोपों में नामजद किया गया है।
क्या है आरोप:
661 करोड़ की सार्वजनिक संपत्ति को मात्र 50 लाख में यंग इंडियन लिमिटेड (YIL) को ट्रांसफर किया गया, जिसमें गांधी परिवार की 76% हिस्सेदारी है। देवांगन ने इसे केवल आर्थिक भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि एक बड़ा षड्यंत्र बताया, जिसमें पत्रकारिता के नाम पर मिली जमीनों का व्यावसायिक उपयोग किया गया।
BJYM की प्रमुख माँगें:
गांधी परिवार की संपत्तियों की निष्पक्ष और गहन जांच हो।
दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
भ्रष्ट नेताओं को राजनीति से बाहर किया जाए।
देवांगन ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट हों। देश अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेगा।
इसी के विरोध में आज छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया गया और सोनिया गांधी व राहुल गांधी के पुतले का दहन कर विरोध जताया गया।