खेती को आधुनिक बनाने गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ, किसानों को मिलेंगी नई तकनीक और योजनाओं की जानकारी
जांजगीर-चांपा | विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू
जांजगीर-चांपा जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत कर दी गई है। यह अभियान 20 मई तक जिलेभर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत किसानों तक सीधे जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रथ रवाना किए गए। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने हरी झंडी दिखाकर इन रथों को रवाना किया।
जागरूकता रथ जिले के सभी विकासखंडों के गांव-गांव पहुंचकर किसानों को खरीफ फसल की तैयारी, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, हरी खाद, जैव उर्वरकों और नैनो यूरिया-नैनो डीएपी के उपयोग के बारे में जानकारी देंगे। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, पीएम आशा योजना, फसल विविधिकरण, आधुनिक कृषि यंत्रों और नई कृषि तकनीकों की भी जानकारी दी जाएगी।
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर आधुनिक और लाभकारी खेती की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने तथा उन्नत उत्पादन तकनीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
अभियान में कृषि विभाग के साथ कृषि विज्ञान केंद्र के विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो गांवों में पहुंचकर किसानों को प्रत्यक्ष प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन देंगे। दलहन और तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के उपाय भी बताए जाएंगे ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन हासिल कर सकें।
अधिकारियों के अनुसार अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। किसानों को समय पर जानकारी और तकनीकी सहायता मिलने से खेती की लागत कम होने के साथ उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यक्रम समन्वयक खेमादास महंत सहित कृषि एवं समवर्गीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



