हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार, 3 हजार का इनामी बदमाश भेजा गया जेल
सक्ती जिले की पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी और स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार निवासी हरदा थाना सक्ती के खिलाफ अपराध क्रमांक 280/2024 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 332(सी) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज था।
मामले में प्रार्थिया बनकुंवर पटेल निवासी परसदाखुर्द ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई 2024 की सुबह आरोपी उनके घर के सामने बाइक खड़ी करने और चोरी की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी घर के अंदर घुस गया और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन ठिकाने की जानकारी नहीं मिलने पर आरोपी के खिलाफ उद्घोषणा जारी कराई गई थी। प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव हरदा में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना सक्ती पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक अन्य गंभीर मामला भी दर्ज है। अपराध क्रमांक 306/2023 में धारा 307, 456, 459, 294, 506 और 34 भादवि के तहत प्रकरण लंबित है, जिसमें माननीय न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



