मिरौनी बैराज में फिर हादसा, 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत से मचा हड़कंप
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल, लोगों में नाराजगी

सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सीमा पर स्थित सिघनपुर थाना कोसीर का प्रसिद्ध मिरौनी बैराज एक बार फिर दुखद घटना के कारण सुर्खियों में है। रविवार को बैराज पहुंचे एक 65 वर्षीय व्यक्ति की अचानक मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भरत लाल देवागन (65 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 8 सारंगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे मिरौनी बैराज घूमने पहुंचे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही कोसीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गौरतलब है कि भीषण गर्मी के चलते इन दिनों मिरौनी बैराज में दोनों जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। छुट्टी के दिनों में यहां भारी भीड़ उमड़ रही है, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल सुविधा और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार भीड़ बढ़ने और हादसों की आशंका के बावजूद शासन-प्रशासन सब कुछ देखते हुए भी अनदेखा कर रहा है। लोगों ने बैराज क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड, मेडिकल टीम, चेतावनी बोर्ड और निगरानी व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
हाल ही में प्रशासन द्वारा डीजे बजाने और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद बैराज क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने की अपील की है।



