बेरहम चाचा ने 4 साल के भतीजे पर चलाई एयर गन से गोली, डॉक्टरों ने घंटों ऑपरेशन कर बचाई मासूम की जान
कोंडागांव जिले के धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनियागांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेरहम चाचा ने मामूली विवाद में अपने ही 4 साल के भतीजे पर एयर गन से गोली चला दी। गोली बच्चे के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रविवार शाम की है, जब 30 वर्षीय बिसेश्वर नाग ने गुस्से में आकर मासूम पर एयर गन से फायर कर दिया। गन के छर्रे बच्चे के पेट में गहराई तक धंस गए। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर केसकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने घंटों ऑपरेशन कर किसी तरह बच्चे की जान बचाई।
बच्चे के पेट में गहरी चोट आई थी और छर्रे अंदर फंस गए थे। हमने तुरंत ऑपरेशन कर गोली को बाहर निकाला। फिलहाल बच्चा हमारी निगरानी में है और उसकी हालत स्थिर है। इस घटना की सूचना हमने पुलिस को दे दी है।
इस मामले में केसकाल पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर सनसनी फैली हुई है।



