भीषण सड़क हादसा:-तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो में भिड़ंत, मासूम समेत 4 की मौत,7 गंभीर घायल….
अंबिकापुर के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की जबरदस्त टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला, और गुस्साई भीड़ ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया।
यह दर्दनाक हादसा NH-43 पर विशुनपुर प्लांट के पास हुआ, जब बोलेरो में सवार 11 से ज्यादा लोग किलकिला शिव मंदिर से दर्शन कर अपने गांव रेवापुर-सखौली लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भयानक था कि बोलेरो में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद सीतापुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों और घायलों को सीएचसी सीतापुर भिजवाया। बताया जा रहा है कि ट्रक की तेज रफ्तार के कारण यह भीषण हादसा हुआ।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। पुलिस ने हालात को काबू करने की कोशिश की, लेकिन इलाके में अब भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। घायलों का इलाज जारी है, और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



