Breaking News नक्सलियों की साजिश नाकाम, बीयर बॉटल में लगाए आईईडी को जवानों ने किया निष्क्रिय….
बीजापुर: गंगालुर इलाके में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक और साजिश को नाकाम कर दिया। जवानों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से नक्सलियों द्वारा बीयर बॉटल में प्लांट किए गए आईईडी को बरामद कर मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गंगालुर थाना क्षेत्र के पीडिया कैंप से सीआरपीएफ 85वीं और 199वीं वाहिनी की टीम आरओपी और डिमाइनिंग ड्यूटी पर निकली थी। इस दौरान सीआरपीएफ की बीडीएस टीम ने पीडिया कैंप से लगभग 2 किलोमीटर दूर, पीडिया और मुतवेंडी के बीच कच्चे रास्ते से 100 मीटर अंदर जंगल में संदिग्ध वस्तु देखी। जांच करने पर पता चला कि नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बीयर बॉटल में प्रेशर आईईडी प्लांट किया था।
सीआरपीएफ की सतर्कता से बड़ी दुर्घटना टल गई। बीडीएस टीम ने मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों पर एक और बड़ा झटका लगा है।



