शुक्रवार को ही बाहर से लौटा था ओमप्रकाश यादव, घर में तलाश के दौरान परिजनों ने देखा शव; पुलिस जांच में जुटी
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भड़ेसर में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके घर के कमरे में रोशनदान से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
घर लौटने पर कमरे में मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश यादव कमाने-खाने के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था और शुक्रवार को ही वापस लौटा था। घटना की रात गांव में बिजली नहीं थी। मृतक के पिता के मुताबिक, रात करीब 8 बजे वह घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर जब ओमप्रकाश दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
काफी देर तक पता नहीं चलने पर परिजन उस कमरे में पहुंचे, जहां ओमप्रकाश सोता था। वहां टॉर्च की रोशनी में उसका शव रोशनदान में नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका दिखाई दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के बाद परिजन पामगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
ओमप्रकाश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



