जैजैपुर के गलगलाडीह में देवी भागवत कथा के मंच से हुआ आयोजन, सक्ती जिले को धर्मांतरण-मुक्त बनाने का आह्वान; धर्म सेना ने निकाली बाइक रैली
जांजगीर-चांपा/सक्ती। नवरात्रि के पावन पर्व पर सक्ती जिले के जैजैपुर ब्लॉक अंतर्गत गलगलाडीह में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत कथा के मंच से 102 परिवारों की सनातन धर्म में घर वापसी कराए जाने का दावा आयोजकों ने किया है। कार्यक्रम में अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख एवं भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव शामिल हुए। उन्होंने घर वापसी करने वाले परिवारों के चरण पखारकर उनका स्वागत किया।
यह आयोजन धर्म जागरण समन्वय, धर्म सेना, सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन एवं दिलीप सिंह जूदेव फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीणजन और सनातन समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
धर्मांतरण के मुद्दे पर समाज से एकजुट होने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने सक्ती जिले में धर्मांतरण की गतिविधियों को लेकर समाज से सजग रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि सेवा की आड़ में भोले-भाले लोगों को प्रभावित कर उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बदलने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल आस्था से जुड़े रहना समाज की पहचान और शक्ति का आधार है।
जूदेव ने स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के संकल्पों का स्मरण करते हुए कहा कि घर वापसी अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने मातृशक्ति और समाज के लोगों से सनातन धर्म एवं संस्कृति की रक्षा के लिए जागरूकता और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।
महापुरुषों के योगदान को किया याद
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के आचार्य राकेश जी ने स्वामी श्रद्धानंद, स्वामी लक्ष्मणानंद, अशोक सिंघल और स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को याद किया। उन्होंने समाज से महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने और धर्म-संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहने की अपील की।
वहीं, धर्म जागरण समन्वय की महिला शक्ति प्रांत संयोजिका अंजू गाबेल ने मातृशक्ति से एकजुट होकर सक्ती जिले को धर्मांतरण-मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बाइक रैली में लगाए जय श्रीराम के नारे
आयोजकों के अनुसार, सनातन धर्म में पुनः लौटने वाले परिवारों ने अपनी मूल परंपराओं से जुड़ने पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान धर्म सेना की ओर से बाइक रैली भी निकाली गई। रैली में जय श्रीराम के जयघोष लगाए गए।
इस अवसर पर कृष्णकांत चंद्रा, कीर्तन चंद्रा, पुष्पा परदेशी खुंटे, सीताराम चंद्रा, बालेश्वर साहू, रामकुमार यादव, काशीराम चंद्रा, सुमीत अग्रवाल, बलराम चंद्रा, दीपचंद अग्रवाल और केशव प्रसाद चंद्रा सहित स्थानीय ग्राम प्रमुख, सामाजिक प्रतिनिधि, युवा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



