*‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रकृति संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश*
*केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सक्ती के जेठा में किया पौधरोपण*
*केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने लगाया कदम और मुख्यमंत्री श्री साय ने बादाम का पौधा*
*पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की प्रेरक पहल है ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान*
सक्ती, 11 सितम्बर 2026/ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश देते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।
केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कदम का पौधा और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बादाम का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृ सम्मान की भावना को प्रकृति संरक्षण के संकल्प से जोड़ता है। अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाने के साथ ही उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी का भाव भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को केवल शासकीय प्रयास तक सीमित न रखते हुए उसे जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने की पहल है। अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संदेश अभियान के माध्यम से दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से देशभर में नागरिकों को पौधरोपण से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में सक्ती जिले में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान और मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा किया गया पौधरोपण प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देता है।
इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विजय शर्मा, मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आलोक सिंह ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चन्देल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री मनोज वर्मा, पूर्व मंत्री श्री मेघाराम साहू, पूर्व विधायक श्री निर्मल सिन्हा, पूर्व विधायक श्री डॉ. खिलावन साहू, पूर्व विधायक श्री केशव चंद्रा, श्रीमती संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, श्री टिकेश्वर गबेल, श्री कृष्ण कांत चंद्रा, पंचायत सचिव सुश्री ऋचा शर्मा, विकसित भारत जी राम जी आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिन्हा, आई जी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागीय अधिकारी कर्मचारी विभिन्न हितग्राही और बड़ी संख्या आम नागरिकगण उपस्थित रहे।



