जांजगीर चांपा में मिला नर कंकाल:-एक साल से लापता था युवक,हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस…
भरत सिंह चौहान संवाददाता,जांजगीर-चांपा। जिले के राहौद नगर पंचायत क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक साल से लापता युवक का नर कंकाल बरामद हुआ। कंकाल मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राहौद स्थित गुडफीड इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पीछे एक डबरी के पास स्थानीय लोगों ने नर कंकाल पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल राहौद पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की और कंकाल के आसपास मिले कपड़े एवं अन्य सामान को अपने कब्जे में लिया।
जांच के दौरान कंकाल की पहचान शिव कुमार यादव के रूप में की गई। परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर कंकाल के पास मिले कपड़ों और अन्य व्यक्तिगत सामान के आधार पर उसकी शिनाख्त की। बताया जा रहा है कि शिव कुमार यादव करीब एक वर्ष से लापता था। उसके पिता ने राहौद चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
एक साल बाद अचानक कंकाल मिलने से परिवार में शोक की लहर है। परिजन घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए पोस्टमार्टम और आवश्यक परीक्षण हेतु भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। यह हत्या का मामला है, आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से युवक की मौत हुई है, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस गुमशुदगी रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठने की संभावना है।



