Sakti News-मिरौनी बैराज में फिर हादसा, 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत से मचा हड़कंप प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल, लोगों में नाराजगी
सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सीमा पर कोसीर थाना अंतर्गत स्थित सिघनपुर का प्रसिद्ध मिरौनी बैराज एक बार फिर दुखद घटना के कारण चर्चा में है। रविवार को बैराज पहुंचे एक 65 वर्षीय व्यक्ति की अचानक मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भरत लाल देवागन (65 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 8 सारंगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे मिरौनी बैराज घूमने पहुंचे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही कोसीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
भीषण गर्मी के चलते इन दिनों मिरौनी बैराज में दोनों जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। छुट्टी के दिनों में यहां हजारों की भीड़ उमड़ रही है। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन द्वारा लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। हाल ही में बैराज क्षेत्र में डीजे बजाने और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
घटना के बाद बैराज क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने की अपील की है।



