तरबूज खाने के बाद 4 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, 15 वर्षीय किशोर की मौत, फूड पॉइजनिंग आशंका, स्वास्थ्य विभाग जांच में जुटा
जांजगीर जिले के ग्राम घुरकोट में सोमवार को फूड पॉइजनिंग की आशंका से जुड़ा दर्दनाक मामला सामने आया है। तरबूज खाने के बाद चार बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसमें एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार पोड़ी दलहा निवासी अखिलेश धीवर (15 वर्ष), अवरीद निवासी श्री धीवर (4 वर्ष), खटोला निवासी पिंटू धीवर (12 वर्ष) और कोटगढ़ निवासी हितेश धीवर (13 वर्ष) अपने परिजनों के साथ घुरकोट गांव आए हुए थे। सोमवार दोपहर बच्चों ने घर में रखा तरबूज काटकर खाया था।
बताया जा रहा है कि तरबूज खाने के कुछ घंटों बाद सबसे पहले अखिलेश की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टी-दस्त और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं अन्य तीन बच्चों में भी समान लक्षण दिखाई देने पर उन्हें जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। फिलहाल बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तरबूज खराब था या उसमें किसी प्रकार का संक्रमण हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। संबंधित खाद्य पदार्थ के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि बच्चों की तबीयत बिगड़ने और किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।



