धमतरी में 1 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त, कपड़ा बेचने की आड़ में हो रही थी तस्करी, 4 थाना पार कर पहुंचे तस्कर, 69 लाख से ज्यादा का माल जब्त
धमतरी जिले में पुलिस ने ऑपरेशन “निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 131 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। कपड़ा बेचने की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है।
मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलों में गांजा लेकर जा रहे तस्करों को पकड़ा। आरोपियों ने अपनी बाइकों में विशेष लोहे का एंगल लगवाया था, ताकि बाहर से देखने पर वे कपड़ा बेचने वाले फेरीवाले लगें। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा उड़ीसा से लाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 131.005 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 67.50 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया है। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल और नकद राशि भी बरामद की गई। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 69.61 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश ओबानी (20 वर्ष) निवासी बैतूल, मध्यप्रदेश और दौलत सिंह (19 वर्ष) निवासी रायसेन, मध्यप्रदेश शामिल हैं। एक नाबालिग के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि तस्कर धमतरी जिले में प्रवेश करने से पहले बोराई, सिहावा, नगरी और दुगली थाना क्षेत्र पार कर चुके थे। ऐसे में पुलिस की चेकिंग व्यवस्था और सूचना तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा आखिर कई थाना क्षेत्रों को पार कर केरेगांव तक कैसे पहुंच गया।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।



