नशे में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, पत्नी के मायके से था नाराज, मचा हड़कंप, देखें वीडियो
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम करमंदी में एक पारिवारिक विवाद उस समय गंभीर स्थिति में बदल गया, जब पत्नी के मायके जाने से नाराज पति करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। करीब ढाई घंटे तक चले इस घटनाक्रम से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक 34 वर्षीय मुकेश सांडे, जो मजदूरी करता है, अपनी पत्नी के साथ करमंदी में रहता है। पत्नी का आरोप है कि मुकेश शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह मायके बुंदेली चली गई थी। पत्नी के नहीं लौटने से नाराज मुकेश सोमवार शाम करीब 5 बजे नशे की हालत में टावर पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ऊंचाई अधिक होने के कारण सीधे संवाद संभव नहीं था, इसलिए पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए युवक से संपर्क किया। इस दौरान वह बार-बार तार छूने की कोशिश करता रहा।
पुलिस ने समझाइश के साथ-साथ उसकी पत्नी से भी बातचीत की। पत्नी द्वारा घर लौटने की सहमति देने के बाद मुकेश धीरे-धीरे नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया, क्योंकि उसकी सांस फूल रही थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, युवक की हालत मुंह में गुड़ाखू रखने के कारण भी बिगड़ रही थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।



