अधिवक्ता के घर हुई चोरी का खुलासा,6 आरोपी गिरफ्तार 8 लाख के सोने के बिस्किट जेवरात नगदी बरामद,पहले दो आरोपी हुए थेगिरफ्तार,व्यापारी समेत 4 और गिरफ्तार,8 लाख का माल बरामद
कोरबा। कटघोरा पुलिस ने एक साल पुरानी चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा किया है। अधिवक्ता के सूने मकान में हुई चोरी के मामले में 4 नए आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले व्यापारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, सोने का बिस्किट और नगदी समेत करीब 8 लाख रुपये का माल बरामद हुआ है। कुल 6 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने चोरी की थी। घर से लगभग 10 तोला सोने के जेवर, जिसमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल और नगदी रकम पार कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर टीम जांच में जुटी थी।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पहले अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने सुशील शुक्ला, गणेश दास, अनिल नामदेव और चांपा निवासी व्यापारी हिमेश सोनी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि चोरी के जेवर आरोपियों ने व्यापारी हिमेश सोनी को बेच दिए थे। पुलिस टीम ने सभी को जांजगीर-चांपा जिले के चांपा क्षेत्र से पकड़ा।
आरोपियों की निशानदेही पर 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 2 जोड़ी चांदी की पायल, करीब 3 तोला सोने का बिस्किट, नगदी और पहले बरामद रानी हार सेट, झुमका, सोने की चेन समेत कुल 8 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कटघोरा पुलिस ने नागरिकों से घर से बाहर जाते समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, CCTV चालू रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है। कोरबा पुलिस “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।



