कक्षा 12 की छात्रा दुनिशा साहू ने रचा इतिहास, 96.40% के साथ टॉप-10 मेरिट सूची में बनाई जगह
साधारण परिवार की बेटी ने कड़ी मेहनत से पाया मुकाम, सक्ती जिले का बढ़ाया मान

सक्ती। प्रदेश में 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही मेधावी विद्यार्थियों की सूची सामने आई है। इसी कड़ी में सक्ती जिले की होनहार छात्रा दुनिशा साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.40% अंक हासिल कर प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
ग्राम भेडिकोना निवासी दुनिशा साहू, पिता सुरेश साहू, शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के दम पर यह सफलता हासिल की है। परिणाम घोषित होते ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
दुनिशा एक मध्यम वर्गीय परिवार से आती हैं। परिवार में तीन बहनें हैं। उनके पिता सुरेश साहू कृषक होने के साथ-साथ एक छोटा सा दुकान भी चलाते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दुनिशा ने अपने लक्ष्य को हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत के आगे हर मुश्किल छोटी पड़ जाती है।
सभी के लोगों ने दी बधाई
दुनिशा की इस उपलब्धि पर साहू समाज के जिलाध्यक्ष प्रकाश साहू सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दुनिशा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
आगे की पढ़ाई में मिलेगा सहयोग
हंसल एकेडमी जैजैपुर के संस्थापक सुरेश साहू ने दुनिशा को बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि उनकी आगे की पढ़ाई में किसी भी प्रकार का आर्थिक व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अकादमी के माध्यम से जिले के सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और सहयोग दिया जाएगा।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही दुनिशा की मुलाकात छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी से कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
जिले का बढ़ाया गौरव
दुनिशा साहू की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे सक्ती जिले का नाम रोशन किया है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और परिजनों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



