जांजगीर-चांपा में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत
जांजगीर-चांपा।
जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से मृतक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चौटी लाल पटेल, निवासी वार्ड क्रमांक 9 बिर्रा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे रोजाना की तरह सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे। जब वे तलदेवरी-बिर्रा मुख्य मार्ग स्थित कोसा तालाब के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन की टक्कर से मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और शव सड़क पर बिखर गया। सुबह के समय सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बिर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन और आरोपी चालक का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



