महंगाई से जूझ रहे हमाल श्रमिकों का फूटा गुस्सा, मजदूरी बढ़ाने कलेक्टर से लगाई गुहार
Jnajgir champa जिले के अकलतरा स्थित एफसीआई गोदाम में कार्यरत हमाल श्रमिक इन दिनों बढ़ती महंगाई और कम मजदूरी से बेहद परेशान हैं। अपनी मांगों को लेकर श्रमिकों ने अब प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। जय श्रीराम हमाल श्रमिक संघ के बैनर तले श्रमिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मजदूरी दर बढ़ाने की मांग की है।
श्रमिकों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से बेहद कम दर पर काम कर रहे हैं, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। वर्तमान में उन्हें स्टेकिंग कार्य के लिए प्रति लॉट मात्र 772 रुपए दिए जाते हैं, जो 580 बोरी के हिसाब से होता है। वहीं रेक में प्रति बोरी सिर्फ 2 रुपए 20 पैसे का भुगतान किया जाता है। श्रमिकों का आरोप है कि इतनी कम मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
भीषण गर्मी में दिनभर कड़ी मेहनत करने के बावजूद उचित पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है, जिससे श्रमिकों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी अब चुनौती बन गया है। ऐसे में मजदूरी बढ़ाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
श्रमिक संघ ने अपने ज्ञापन में नए सत्र 2026-27 के लिए मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की मांग रखी है। संघ ने स्टेकिंग दर को बढ़ाकर 2250 रुपए प्रति लॉट करने और रेक में प्रति बोरी 4 रुपए भुगतान तय करने की मांग की है। इसके साथ ही डंपिंग कार्य के लिए वर्तमान 2450 रुपए प्रति लॉट की दर को बढ़ाकर 3000 रुपए करने का प्रस्ताव रखा गया है।
संघ का कहना है कि स्टेकिंग और डंपिंग कार्य को मिलाकर कुल 5250 रुपए प्रति लॉट भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि श्रमिकों को उनके श्रम के अनुरूप उचित पारिश्रमिक मिल सके।
इस दौरान श्रमिकों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से बताते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। श्रमिकों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने गोदाम परिसर में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।
श्रमिकों ने यह भी कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में अब उनके पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।



