Sakti News: हसौद में 10 वर्षीय बालक की मौत, कलेक्टर ने दिए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश; कमेटी गठित
सक्ती-छत्तीसगढ़ सक्ती जिले के हसौद (विकासखंड जैजैपुर) में एक 10 वर्षीय बालक की आकस्मिक मृत्यु के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल इसके विस्तृत और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की तह तक जाने की प्रतिबद्धता जताई है।
5 सदस्यीय जांच टीम का गठन
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पूजा अग्रवाल ने एक विशेष जांच समिति का गठन किया है। इस टीम में स्वास्थ्य विभाग के अनुभवी विशेषज्ञों को शामिल किया गया है:
डॉ. पी. सिंह कंवर (जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी)
डॉ. आर.के. राज (शिशु रोग विशेषज्ञ)
डॉ. सुदर्शन भारद्वाज (नोडल अधिकारी, नर्सिंग होम एक्ट)
डॉ. उमाशंकर साहू (खंड चिकित्सा अधिकारी)
घनश्याम सुमन (सहायक ग्रेड-03)
इन बिंदुओं पर होगी जांच
कलेक्टर श्री तोपनो ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन के लिए लोगों का जीवन सर्वोपरि है। जांच समिति को निर्देश दिए गए हैं कि:
इलाज के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया की गहनता से समीक्षा की जाए।
घटना से संबंधित सभी तथ्यों और परिस्थितियों का बारीकी से परीक्षण हो।यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी लापरवाही तो नहीं हुई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
पारदर्शिता का आश्वासन
सीएमएचओ डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि समिति अपनी रिपोर्ट जल्द ही प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर अगली कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रहेगी।



