जांजगीर चांपा ब्रेकिंग : चांपा वार्ड नंबर 26 के पार्षद राम सिंह गौड़ को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चांपा थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोनारपारा निवासी सुनील सोनी की शिकायत पर जांच के बाद पुलिस ने आरोपी रामसिंह गोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शिकायत के अनुसार प्रार्थी के दादा स्वर्गीय उमाशंकर साव ने वर्ष 1976 में ग्राम जगदल्ला स्थित भूमि खरारा नंबर 473, रकबा 1.13 एकड़ को सुनहर गोड़ से विधिवत अनुमति लेकर पंजीकृत विक्रय नामा के माध्यम से खरीदा था। जांच में सामने आया कि सुनहर गोड़ के परनाती रामसिंह गोड़ ने अपने पूर्वज की वास्तविक मृत्यु तिथि 14 अक्टूबर 1979 होने की जानकारी के बावजूद कूटरचित दस्तावेज तैयार कर वर्ष 2017 में 4 मई 1970 की फर्जी मृत्यु तिथि दर्शाते हुए प्रमाण पत्र बनवाया।
आरोप है कि इस फर्जी दस्तावेज का उपयोग न्यायालयीन कार्यवाही में कर पूर्व में खरीदी गई जमीन के नामांतरण को निरस्त कराने और अनुचित लाभ लेने की कोशिश की गई। मामले में मिलीभगत की भी आशंका जताई गई है।
जांच के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 50/2026 धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 33 वर्षीय आरोपी रामसिंह गोड़ को 20 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



