Janjgir champa News – नए वर्ष की रात घर में घुसकर मारपीट व महिलाओं से अभद्रता करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा/ अकलतरा थाना क्षेत्र में नए वर्ष की रात घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौच और महिलाओं से अभद्रता करने के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित सागर गुप्ता निवासी संजय नगर अकलतरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 दिसंबर 2025 की रात वह अपने परिवार के साथ घर में नया वर्ष मना रहा था। इसी दौरान आरोपी मोईन खान, नासिर खान, सुमित कुमार और अविनाश सारथी ने घर के सामने आकर अश्लील गाली-गलौच शुरू की। मना करने पर सभी आरोपी एक राय होकर प्रार्थी के घर में घुस आए और हाथ-मुक्कों व स्टील रॉड से मारपीट कर चोट पहुंचाई। साथ ही महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद से सभी आरोपी फरार थे। थाना अकलतरा में धारा 331(6), 296, 115(2), 351(2), 3(5), 74 एवं 238 बीएनएस में मामला दर्ज कर लगातार तलाश की जा रही थी।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने चारों आरोपियों—
मोईन खान (22), अविनाश सारथी (19), नासिर खान (23) एवं सुमित कुमार (23), सभी निवासी संजय नगर अकलतरा—को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



