CG NEWS:- सड़क पर स्टंटबाजी करने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 16 नाबालिग सहित 26 युवक पकड़े गए…
बलौदाबाजार-भाटापारा/कसडोल, 03 फरवरी 2026 ग्राम कटगी में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान सड़क पर खतरनाक स्टंट कर उपद्रव मचाने वाले युवकों पर कसडोल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने 16 अवयस्क बालकों सहित कुल 26 युवकों को पकड़कर कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें स्कूल के छात्र और ड्रॉपआउट युवक चलते चारपहिया और दोपहिया वाहनों में खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे थे। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो रहा था और आम लोगों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना कसडोल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। वीडियो के आधार पर पहचान कर सभी 26 युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में सभी ने स्टंट करने की बात स्वीकार की।
पकड़े गए 16 नाबालिग बालकों को उनके परिजनों के समक्ष कड़ी फटकार लगाई गई और भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। वहीं अन्य 10 आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 02 चारपहिया वाहन और 02 बाइक भी जब्त की हैं।
इसके अलावा लापरवाहीपूर्वक और खतरनाक वाहन चालन के मामलों में 04 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत भी कार्रवाई की गई है। वायरल वीडियो में दिख रहे अन्य वाहनों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे खतरनाक और गैरकानूनी कृत्यों से बचें, क्योंकि इससे न केवल जान का खतरा होता है बल्कि भविष्य भी प्रभावित हो सकता है।



