Big news:-विद्युत विभाग का सहायक अभियंता ₹50 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार…
कोरबा।
एसीबी/आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत एसीबी बिलासपुर ने कोरबा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) दीपका के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर को ₹50,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर मांगी गई थी रिश्वत
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि श्यामता टंडन, निवासी ग्राम रलिया, जिला कोरबा द्वारा एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम दर्री, जिला कोरबा में उसके मित्र के पिता की कृषि भूमि है, जहां ट्रांसफार्मर स्थापित कराने के लिए आवेदन दिया गया था।
आवेदन के बाद सीएसपीडीसीएल दीपका के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया और ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में नाश्ता-पानी के नाम पर ₹80,000 रिश्वत की मांग की गई। इसमें से ₹30,000 पहले ही ले लिए गए थे, जबकि शेष **₹50,000 की मांग की जा रही थी।
शिकायत सही पाए जाने पर बिछाया गया ट्रैप…
शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी द्वारा ट्रैप की योजना बनाई गई। 28 जनवरी 2026 को प्रार्थी द्वारा व्यवस्थित ₹50,000 की रिश्वत राशि आरोपी को देने के लिए उसे दीपका स्थित कार्यालय भेजा गया।
जैसे ही आरोपी सत्येंद्र दिवाकर ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया। आरोपी के पास से ₹50,000 रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई…
एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



