BREKING news अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी:-बॉयफ्रेंड ने की गर्लफ्रेड की हत्या,दोनों के बीच हुआ था विवाद, मुख्य आरोपी सहित 3गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा।
जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। ग्राम पीपरा और बरगांव के बीच खेत में मिली अर्धनग्न अवस्था में युवती के शव के मामले में पुलिस ने प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह बताया है। मृतका की पहचान पूजा महंत (21) निवासी ग्राम पीपरा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके प्रेमी प्रवीण प्रकाश चंद्रा (28) ने शक और गुस्से में की थी।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि 27 जनवरी की सुबह बरगांव स्थित रामेश्वर साहू के खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग..
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें तड़के सुबह 4.38 बजे दो युवक बाइक पर जाते दिखाई दिए। इसके कुछ ही मिनट बाद 4.45 बजे युवती पूजा महंत अकेली मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से गुजरती नजर आई।
उत्सव देखकर लौटी थी घर, तड़के निकली बाहर…
जांच में सामने आया कि पूजा महंत ग्राम किरीत में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने गई थी। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच वह घर लौटी थी, जिसे उसके पिता ने देखा भी था। इसके बाद तड़के करीब 4.45 बजे वह घर से निकली और कुछ ही देर बाद उसका शव खेत में कीचड़ से सनी अर्धनग्न अवस्था में मिला।
शक में की हत्या, सिर दबाकर ली जान….
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान प्रवीण प्रकाश चंद्रा के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे शक था कि पूजा उसे समय नहीं देती और किसी अन्य युवक से बातचीत करती है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में उसने खेत में पूजा को धक्का देकर उसका सिर कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पटना से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
घटना के बाद आरोपी को फरार कराने में उसके भाई लव प्रकाश चंद्रा (32) और दोस्त केशव चंद्रा (34) ने मदद की। दोनों ने प्रवीण को शिवरीनारायण बस स्टैंड से बाहर भेज दिया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आरोपी को पटना से गिरफ्तार किया।
सबूत जब्त, तीनों न्यायिक रिमांड पर..
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, पहने हुए कपड़े और आरोपी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मुख्य आरोपी प्रवीण प्रकाश चंद्रा के साथ-साथ उसे भगाने में मदद करने वाले लव प्रकाश चंद्रा और केशव चंद्रा को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



