अमिताभ बच्चन की विरासत आगे नहीं बढ़ाएंगे नाती अगस्त्य नंदा, कहा- ‘बच्चन मेरी लीगेसी नहीं, मेरा सरनेम नंदा है…’
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख लिया है. उनकी पहली फिल्म ‘इक्कीस’ 1 जनवरी 2026 को थिएटर्स में रिलीज हुई है. अभिषेक बच्चन के बाद अगस्त्य बच्चन फैमिली से तीसरी जेनरेशन है जो एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. लेकिन हाल ही में अगस्त्य ने कहा है कि वो बच्चन फैमिली की विरासत को आगे बढ़ाने का दवाब नहीं लेते, क्योंकि ये उनकी लीगेसी है ही नहीं.
अगस्त्य नंदा हाल ही में आईएमडीबी के लिए ‘इक्कीस’ के डायरेक्टर श्रीराम राघवन और को-एक्ट्रेस सिमर भाटिया के साथ बातचीत करते नजर आए. इस दौरान उनसे बच्चन जैसे प्रतिष्ठित फिल्मी परिवार से आने के दबाव के बारे में पूछा गया. जिसपर एक्टर ने साफ किया कि उनका सरनेम नंदा है और वो अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने में भरोसा रखते हैं.

‘वो मेरी विरासत नहीं है, मेरा सरनेम नंदा है…’
श्रीराम राघवन ने अगस्त्य नंदा से पूछा- ‘आप दोनों तरफ से इतने प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं, वास्तव में दिग्गज परिवार से आते हैं. क्या इससे आप पर बहुत दबाव पड़ता है?’ इसका जवाब देते हुए ‘इक्कीस’ एक्टर ने कहा- ‘मैं उस दबाव को जरा भी नहीं लेता क्योंकि वो मेरी विरासत नहीं है. मेरा सरनेम नंदा है इसलिए है क्योंकि मैं सबसे पहले अपने पिता का बेटा हूं. मेरा ध्यान उन्हें गर्व महसूस कराने पर है. यही वो विरासत है जिसे मैं बहुत सीरियसली निभाता हूं.’
‘मेरे परिवार के दूसरे सदस्य, जो एक्टर हैं…’
अगस्त्य नंदा ने आगे कहा- ‘मेरे परिवार के दूसरे सदस्य, जो एक्टर हैं, मैं उनके काम की तारीफ करता हूं और मुझे उनका काम पसंद है. लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं कभी उनके जैसा बन सकता हूं, इसलिए इस बारे में सोचने में समय बर्बाद करना बेकार है.’
‘इक्कीस’ के बारे में
‘इक्कीस’ 1971 के इंडिया-पाकिस्तान के वॉर पर बेस्ड है. फिल्म में अगस्त्य ने परमवीर चक्र विजेता अरुण खेत्रपाल का किरदार अदा किया है. फिल्म में सिमर भाटिया, धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत जैसे कलाकार भी नजर आए हैं.



