जांजगीर चांपा अवैध धान भंडारण व परिवहन पर सख्ती, 96 क्विंटल से अधिक धान जब्त
जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य, कृषि, सहकारिता एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने अलग–अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया है।
संयुक्त दल ने धान उपार्जन केंद्र अकलतरा में जांच के दौरान किसान के टोकन पर अन्य व्यक्तियों द्वारा खपाए जा रहे 21 कट्टी, यानी 8.40 क्विंटल धान जब्त किया। वहीं ग्राम हरदी में एक दुकान से 40 कट्टी, करीब 16 क्विंटल अवैध धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया।
इसके अलावा बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम रोहदा में संयुक्त निरीक्षण के दौरान शिव कुमार बरेठ के पास 180 बोरी, यानी 72 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।



