Janjgir champa:- मड़वा धान खरीदी केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, टोकन सत्यापन व पारदर्शी खरीदी के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा /कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज मड़वा स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी समितियों में आगामी 7 खरीदी दिवसों के जारी टोकन का विवरण संबंधित पटवारी और आरएईओ द्वारा अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए। साथ ही राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम को निर्देश दिए गए कि जारी टोकन में दूसरे और तीसरे टोकन का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी केंद्र में जैसे ही धान पहुंचे, उसकी विधिवत एंट्री रजिस्टर में तत्काल दर्ज की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने खरीदी केंद्र में उपस्थित किसानों से संवाद किया और टोकन व्यवस्था, धान तौल, भुगतान प्रक्रिया तथा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से धान की खरीदी पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ की जाए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने आवंटित उपार्जन केंद्रों में साप्ताहिक रूप से पी.वी. (भौतिक सत्यापन) अनिवार्य रूप से पूर्ण करें और उसकी रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें। इसके साथ ही धान की अलग-अलग किस्मों के अनुसार निर्धारित मानकों के अनुरूप स्टैकिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर खाद्य अधिकारी कौशल साहू, सीसीबी नोडल अधिकारी अमित साहू, विनय पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



