अकलतरा जल आवर्धन योजना को मिली नई राह, शेष कार्यों के लिए निकली निविदा
अकलतरा। नगर में 2022 से बंद पड़ी जल आवर्धन योजना अब फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है। विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह द्वारा विधानसभा में इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद नगरीय निकाय मंत्रालय ने शेष बचे कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित की है।
ज्ञात हो कि पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या को देखते हुए वर्ष 2017-18 में तत्कालीन रमन सिंह सरकार ने इस योजना के लिए 27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। 2019-20 में कार्य प्रारंभ हुआ, जिसे जून 2021 तक पूरा होना था। लेकिन ठेकेदार और नगर पालिका अधिकारियों की लापरवाही के चलते 55% कार्य अधूरा छोड़ दिया गया और लगभग 11 करोड़ की राशि निकालने के बाद 2022 में काम बंद हो गया।
जुलाई 2024 में विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने विधानसभा में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। इसके बाद नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव ने कार्रवाई करते हुए ठेका कंपनी मेंसर्स मल्टीअर्बन इंफ्रा सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नागपुर को ब्लैकलिस्ट कर दिया, अमानत राशि जब्त कर दी और कुल राशि का 10% पेनल्टी भी लगाई।
12 सितंबर को नगरीय निकाय विभाग ने अकलतरा में जल आवर्धन योजना के शेष 45% कार्यों के लिए निविदा जारी कर दी है। नगरवासियों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से अधूरी पड़ी योजना जल्द पूरी होगी और पेयजल संकट से राहत मिलेगी।



