जांजगीर चांपा में चाकू से प्राणघातक हमला:- आरोपी हुआ गिरफ्तार क्या थी वजह पड़े पूरी खबर…
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना अकलतरा पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी दिनेश सिंह उर्फ विक्की, उम्र 32 वर्ष, निवासी अकलतरा ने दिनांक 25 अप्रैल 2025 की सुबह करीब साढ़े 11 बजे मोहम्मद साहिल पर चाकू से जानलेवा हमला किया था।
बताया गया कि आरोपी शराब के नशे में था और मोटरसाइकिल से अपने एक साथी के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। वहां उसने प्रार्थी मोहम्मद साहिल को अश्लील गालियां देना शुरू किया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया।
घटना की रिपोर्ट मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस ने धारा 296, 351(2), और 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया और आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने लगातार आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे की हालत में हत्या की नीयत से हमला किया था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को 13 मई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।



