पुरानी सिंचाई कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में चोरी की वारदात, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस।
जांजगीर चांपा पुरानी सिंचाई कॉलोनी में स्थित दुर्गा मंदिर एक बार फिर चोरी की घटना का शिकार हुआ है। अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर दान पेटी पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दान पेटी मंदिर के अंदर एक लॉकर में रखी गई थी। चोरों ने मंदिर में लगे स्टील की रेलिंग को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लॉकर को निशाना बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर समिति के सदस्यों ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन इस बार चोरों ने सुरक्षा को धता बताते हुए सीधे दान पेटी तक पहुंच बनाई।
फिलहाल दान पेटी में कितनी राशि थी, इसका आकलन नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।



