तालाब में नहाने गए दो बच्चे डूबे, एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जुनवानी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव के तालाब में नहाने गए तीन बच्चों में से दो गहरे पानी में चले गए, जिनमें से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, तीन बच्चे—दो सगे भाई और उनका एक मित्र—खेलते-खेलते गांव के तालाब में नहाने पहुंचे थे। इनमें से एक बच्चा पहले ही तालाब से बाहर निकल आया, लेकिन तनुज दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और विवेक साहू (7 वर्ष) गहराई में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। तनुज को ग्राम गुजरा के स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, विवेक को पहले जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व सरपंच राकेश साहू ने बताया कि गर्मी के चलते बच्चे तालाब में नहाने गए थे, जहां यह हादसा हो गया। पुलिस ने तनुज का शव मरचुरी में रखवाया है और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।



