ACB कंपनी के ट्रेलर से युवक की मौत के बाद 24 घंटे का चक्काजाम खत्म — 2 लाख मुआवजा, स्थायी नौकरी और पानी छिड़काव का आश्वासन..
कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में ACB कंपनी के ट्रेलर से हुई एक युवक की मौत के विरोध में चला 24 घंटे का चक्काजाम आंदोलन आखिरकार समाप्त हो गया। आंदोलनकारियों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजा, नौकरी और दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा उपायों की मांग की थी।
कंपनी और पुलिस प्रशासन की मध्यस्थता के बाद ACB कंपनी ने मृतक के परिजनों को ₹2 लाख की तात्कालिक सहायता, एक सदस्य को स्थायी नौकरी और आजीवन पेंशन देने का आश्वासन दिया। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्र में फैलने वाली धूल को रोकने नियमित पानी छिड़काव करने की भी सहमति दी गई।
कैसे हुआ हादसा…
सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर शाम दीपका थाना क्षेत्र के औद्योगिक मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान कोहड़िया निवासी, वर्तमान में मड़वाडोरा में किराए के मकान में रहने वाले मजदूर के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ वर्षों से ACB कंपनी में कार्यरत था।जिस ट्रेलर से दुर्घटना हुई, वह भी कंपनी का ही वाहन बताया जा रहा है। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद उग्र हुआ माहौल
हादसा फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया।कुछ ही देर में सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


