बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम गुरेदा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अर्जुंदा निवासी महेंद्र कुमार देवांगन (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, वहीं पुलिस को भी शिनाख्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक, मृतक अपनी पत्नी से मिलने ससुराल आया था। रात के समय वह ससुराल के पीछे खेत में जाकर फांसी पर झूल गया। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची गुंडरदेही पुलिस को मृतक की जेब से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है, लेकिन पुलिस इस पर अभी कुछ भी कहने से बच रही है।
मृतक के परिजनों के अनुसार, महेंद्र चंद्रपुर में मजदूरी करता था और वहीं अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था। तीन साल पहले उसकी लव मैरिज हुई थी, लेकिन पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी पिछले एक साल से अपने मायके में रह रही थी और महेंद्र बार-बार उसे घर ले जाने की कोशिश करता था, लेकिन वह ससुराल जाने से इनकार कर रही थी।
हमें घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। मृतक अपनी पत्नी को घर ले जाने के लिए बार-बार आता था, लेकिन पत्नी ससुराल जाने से मना कर रही थी। इससे आहत होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह घटना पारिवारिक विवाद के कारण आत्महत्या के बढ़ते मामलों पर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है।