कोरबा में दो अलग-अलग सड़क हादसे: कारों की भीषण टक्कर, परखच्चे उड़े; दूसरी घटना में कार बिजली खंभे से टकराकर पलटी, नशा बना कारण
कोरबा जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया। पहली घटना दर्री थाना क्षेत्र की है, जहां दर्री ओवरब्रिज पर दो कारों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार CG12 BT 7957 मारुति डिजायर और CG12 BC 3147 कार की जोरदार टक्कर हुई। भाटापारा निवासी राहुल एक्का ने बताया कि वे अपने काम से कोरबा आ रहे थे, तभी दर्री ओवरब्रिज पर सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही डिजायर कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिजायर कार घूमते हुए दर्री पावर प्लांट की ओर जा पहुंची और उसका एक पहिया अलग हो गया। दोनों वाहनों के इंजन के परखच्चे उड़ गए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि डिजायर में सवार तीन लोगों सहित किसी की जान नहीं गई। कार में लगे एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद दर्री थाना निरीक्षक नागेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और मार्ग को सुचारु किया।
वहीं दूसरी घटना बालको थाना क्षेत्र के परसाभांठा मुख्य मार्ग की है, जहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार में करीब चार लोग सवार थे। हादसे में दो लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि नशे में वाहन न चलाएं, गति सीमा का पालन करें और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।



